देश में कोरोनावायरस के अब तक 327 मामलों की पुष्टि

देश में कोरोनावायरस के अब तक 327 मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें 300 अस्पताल में भर्ती हैं जबकि 23 ठीक हो चुके हैं और चार की मौत हुई है। शनिवार को 71 मामले सामने आए, जो कि एक दिन में संक्रमण के सामने आए मामलों में सबसे ज्यादा है। केरल और महाराष्ट्र में 12-12 नए मामले मिले। अब महाराष्ट्र में 64 और केरल में 52 केस हो गए हैं। वहीं, असम में साढ़े 4 साल के बच्चे का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। उसका टेस्ट जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लैब में हुआ था। जोरहाट की डिप्टी कमिश्नर रोशनी अपरानजी कोराटी ने कहा- बच्चे के सैंपल की दोबारा जांच के लिए उसे लाहोवाल में आईसीएमआर लैब में भेजा है। 


इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने कोरोना वायरस के टेस्ट को लेकर निजी लैब टेस्ट के लिए गाइड लाइन जारी की है। इसके मुताबिक, सैंपल के टेस्ट के लिए अधिकतम 4500 रु. तय किए गए हैं। इसमें मरीज को 1500 रु. प्राथमिक स्तर के टेस्ट के लिए चुकाना होंगे जबकि बाकी के 3000 रु. संक्रमण की पुष्टि के लिए चुकाने होंगे।


दिल्ली मेट्रो सोमवार को सुबह 10 बजे से 4 बजे तक बंद रहेगी


इससे पहले, राजस्थान में शनिवार को छह मामले मिले। सरकार ने पूरे राज्य को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया है। उधर, दिल्ली मेट्रो सोमवार को सुबह 10 बजे से 4 बजे तक बंद रहेगी। सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं फिर 4 बजे शुरू होगी और रात के 8 बजे तक जारी रहेगी। मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चार मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद जबलपुर और सिवनी को दो दिन और नरसिंहपुर को 14 दिनों के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। इस बीच, बेंगलुरु से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में मेंडेटरी क्वारैंटाइन स्टैंप वाले दो यात्री सफर करते मिले। उन्हें तुरंत ट्रेन से उतारकर पूरे कोच को सैनिटाइज किया गया।


अपडेट्स...



  • पुणे में शनिवार को 40 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव मिली। उसे भारती हॉस्पिटल में वेंटिलेटर पर रखा है। बताया जा रहा है कि महिला का विदेश यात्रा का फिलहाल कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है।

  • पश्चिम बंगाल के दमदम में 57 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। राज्य में संक्रमण के चार मामले हुए। 

  • 15 मार्च को इटली से आए 215 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव। उन्हें दिल्ली के छावला स्थित क्वारैंटाइन सेंटर में भर्ती किया गया था। इसमें 151 पुरुष और 64 महिलाएं हैं।

  • हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा- राज्य में कोरोना पॉजिटिव दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सहयोग नहीं कर रहे थे।

  • मानव संसाधन विकास मत्रालय के सचिव अमित खरे ने कहा- स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के शिक्षक और अन्य स्टाफ 31 मार्च तक घर से काम करेंगे।

  • दिल्ली पुलिस ने कहा- उसके नाम से जारी सूचना फेक है। इसमें कहा गया है कि जनता कर्फ्यू के समय बाहर निकलने पर 11 हजार रु. जुर्माना लगेगा।

  • एयर इंडिया का 787 ड्रीमलाइनर विमान इटली के रोम में फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए रोम रवाना हुआ। यह विमान कल सुबह दिल्ली लौटेगा।

  • 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के समर्थन में गो एयर ने अपनी सभी फ्लाइट कैंसिल की। इंडिगो ने अपनी उड़ानें घटाने की घोषणा की। 

  • पश्चिम रेलवे ने शनिवार को छह ट्रेन (14309, 14310, 22413, 22414, 29019 और 29020) रद्द की गईं।

  • एम्स ने अपने ज्यादातर कर्मचारियों को कोरोनावायरस नियंत्रण में लगाया। शनिवार से यहां सिर्फ इमरजेंसी सर्जरी की जाएंगी। 23 मार्च से ओपीडी में नियमित वॉक-इन के तहत रजिस्ट्रेशन को रोक दिया जाएगा